कैथल, 17 अक्टूबर 2026। इंदिरा गांधी (पी.जी.) महिला महाविद्यालय, कैथल की एम.ए. अर्थशास्त्र द्वितीय सेमेस्टर की छात्राओं ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन किया है। 14 अक्टूबर 2026 को घोषित परिणाम में अंजलि ने 9.15 एसजीपीए के साथ कॉलेज में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि खुशी ने 9.08 एसजीपीए प्राप्त कर द्वितीय स्थान पर कब्जा जमाया। छात्राओं की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।
महाविद्यालय प्रबंधक समिति के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने और भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रबंधक समिति के जनरल सेक्रेटरी नरेंद्र मिगलानी ने छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शैक्षणिक क्षेत्र में इस प्रकार का शानदार प्रदर्शन महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने छात्राओं को मेहनत और अनुशासन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखने की सलाह दी।
प्रबंधक समिति के सदस्य नरेश कुमार ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन सफलता के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्राओं की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है। छात्राओं की मेहनत और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन से उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी अपनी सफलता का सिलसिला जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
सांध्यकालीन सत्र की प्राचार्या इंचार्ज डॉ. श्वेता तंवर ने छात्राओं की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने ज्ञान और कौशल को लगातार विकसित करने तथा भविष्य में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस शानदार परीक्षा परिणाम का श्रेय अर्थशास्त्र विभाग की प्रोफेसर अन्नू, प्रोफेसर शीतल और प्रोफेसर सोनाली के मार्गदर्शन के साथ-साथ छात्राओं की मेहनत और लगन को दिया गया।
कैथल शिक्षा समाचार: आई.जी. महिला महाविद्यालय की छात्राओं का यह प्रदर्शन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनकी शैक्षणिक प्रतिभा और समर्पण को दर्शाता है।

