कैथल। 1965 भारत-पाक युद्ध के अमर वीर शहीदों की स्मृति में पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के सौजन्य से जिले के विभिन्न गांवों में जोड़ मेलों का आयोजन किया गया। इस दौरान शहीदों के परिजनों, पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने शहीद स्मारकों पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।
एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी ने बताया कि जाखौली, राजौंद, ढाण्ड और क्योड़ माजरा में आयोजित जोड़ मेलों में शहीदों के परिवारों ने विशेष रूप से हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इन वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।
जाखौली में शहीद सिपाही गुरदयाल सिंह को श्रद्धांजलि
जाखौली में शहीद सिपाही गुरदयाल सिंह, 3 जाट रेजीमेंट की स्मृति में आयोजित जोड़ मेले में उनकी वीर नारी श्रीमती विद्यावती सहित परिवार के सदस्यों और पूर्व सैनिकों ने शहीद प्रतिमा पर फूल मालाएं पहनाईं तथा पुष्प अर्पित किए।
राजौंद में शहीद सियाराम को किया नमन
राजौंद में शहीद सिपाही सियाराम, 14 राजपूत की स्मृति में जोड़ मेला आयोजित किया गया। इस दौरान उनकी वीर नारी श्रीमती सावित्री देवी और वीर पुत्र नरेंद्र सिंह सहित परिवार के सदस्यों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि शहीद सियाराम ने देश की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
ढाण्ड में शहीद केहर सिंह की स्मृति में जोड़ मेला
ढाण्ड में शहीद सिपाही केहर सिंह, 17 राजपूत की स्मृति में आयोजित जोड़ मेले में उनके वीर पुत्र रणबीर सिंह और वीर पोते विकास सहित परिवार के सदस्यों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों ने भी पुष्प अर्पित कर शहीद के बलिदान को याद किया।
क्योड़ माजरा में शहीद सुरेंद्र सिंह को दी श्रद्धांजलि
गांव क्योड़ माजरा में शहीद सिपाही सुरेंद्र सिंह, 20 जैक राइफल की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहीद सुरेंद्र सिंह ने आतंकवादियों से लड़ते हुए मातृभूमि के लिए अपना बलिदान दिया था।
उनकी वीर नारी श्रीमती बलविंदर कौर ने गहला ब्लॉक के पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी।
22 सितंबर को कैलरम में लगेगा अगला जोड़ मेला
पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान जगजीत फौजी ने बताया कि अगला जोड़ मेला 22 सितंबर को शहीद सिपाही रामचंद्र, 3 जाट रेजीमेंट के शहीद स्मारक पर आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम गांव कैलरम के स्कूल प्रांगण में सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।
इस दौरान पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों और ग्रामीणों द्वारा शहीद रामचंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि
गहला ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रधान सूबेदार अवतार सिंह, सूबेदार पंजाब सिंह, सूबेदार शमशेर सिंह, कैप्टन देवी दयाल, हवलदार बलवीर सिंह, हवलदार किशन सिंह, कैप्टन गुरदेव सिंह, शमशेर पूनिया, जगरूप सिंह, कृष्ण शर्मा और सत्यवान सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिकों ने वीर नारी के साथ मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जाखौली और राजौंद में सूबेदार नफे सिंह, सीपीओ राजबीर भाना, सवार फौजी कर्मबीर, सूबेदार दलबीर सिंह, हवलदार रतन सिंह, हवलदार अभय सिंह, हवलदार मांगे राम शर्मा, हवलदार राजबीर ढूल, दफेदार सतपाल कसान, रिसालदार बलदेव सैनी, दफेदार राजाराम कसान, दफेदार बलदेव सिंह, सूबेदार हरिपाल, एमसी बलविंदर सिंह राणा और प्रेम सिंह सहित पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
ढाण्ड में आयोजित जोड़ मेले में सूबेदार उदय भान शर्मा, हवलदार वीर सिंह स्योकंद, स्कूल अध्यापक रोशन लाल पवार, जे.डब्ल्यू.ओ. रवि दत्त शर्मा, नायक मेहर सिंह, नायक वेद प्रकाश शर्मा, जे.डब्ल्यू.ओ. बाल किशन वर्मा, कैप्टन गजे सिंह पबनावा, कैप्टन फूल सिंह, सूबेदार फतेह सिंह पवनावा, हवलदार बलजीत ग्योंग, नायक अभय राम, सोम प्रकाश पंच, दर्शन सिंह, अभय राम ढाण्ड, ईश्वर सिंह, करमचंद, जयबीर सिंह, राम सिंह, जगतार सिंह और मोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
सभी शहीद स्मारकों पर गांव के गणमान्य लोगों ने भी पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।


Leave a Reply