कैथल। भारत-पाक युद्ध 1965 में डोगराई की ऐतिहासिक लड़ाई में शहीद हुए अमर वीरों को श्रद्धांजलि देने के लिए 22 सितंबर 2026 को कैथल में शहीद रामचंद्र और शहीद करनैल सिंह का बलिदानी दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के सौजन्य से किया जाएगा।

पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के प्रधान जगजीत फौजी ने बताया कि वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध में डोगराई की लड़ाई में तीन जाट रेजीमेंट के 88 वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। इनमें जिला कैथल के भी चार अमर वीर योद्धा शामिल थे।
उन्होंने बताया कि इनमें अमर शहीद सिपाही रामचंद्र निवासी कैलरम और अमर शहीद सिपाही करनैल सिंह निवासी हरिगढ़ किनण ने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर किया था। दोनों अमर शहीदों की स्मृति में 22 सितंबर 2026, मंगलवार को सुबह 9 बजे शहीद सिपाही रामचंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैलरम के प्रांगण में बलिदानी दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के साथ शहीद परिवार के सदस्य, गांव के गणमान्य लोग, स्कूल स्टाफ और विद्यार्थी हिस्सा लेकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस अवसर पर लोक गायक कलाकार फौजी कर्मवीर देशभक्ति गीतों के माध्यम से शहीदों को नमन करेंगे।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश के वीर जवानों के बलिदान और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराना तथा अमर शहीदों की स्मृति को जीवंत रखना है।

Leave a Reply