बस अड्डा क्षेत्र से आरोपी को किया काबू, जांच में खुलासा होने पर चाकू उपलब्ध करवाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया
कैथल। जिला पुलिस द्वारा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बटनदार चाकू रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के दौरान चाकू उपलब्ध करवाने वाले सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस चौकी बस अड्डा कैथल के इंचार्ज ईएचसी गुरमुख सिंह को सूचना मिली थी कि गांव नरवल निवासी नवीन अपने पास अवैध बटनदार चाकू लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम दे सकता है।
सूचना में युवक के हुलिये और बस अड्डा क्षेत्र से निकासी गेट की ओर जाने की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस के एचसी हरदयाल की टीम ने बस अड्डा क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध युवक की तलाश शुरू कर दी।
तलाशी में मिला बटनदार चाकू
पुलिस टीम ने बताए गए हुलिये के आधार पर युवक को काबू कर पूछताछ की। युवक ने अपनी पहचान गांव नरवल निवासी नवीन के रूप में बताई।
नियमानुसार तलाशी लेने पर उसकी जींस की जेब से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। जांच में पाया गया कि चाकू बटन दबाने पर खुलने वाला प्रतिबंधित प्रकार का चाकू था।
जब पुलिस ने आरोपी से चाकू रखने संबंधी लाइसेंस या अन्य वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया सप्लायर का नाम
मामले की आगामी जांच के दौरान आरोपी नवीन ने खुलासा किया कि उसे यह चाकू जिला जींद के गांव थुआ निवासी निखिल ने उपलब्ध करवाया था।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी निखिल को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर उन्हें अदालत में पेश किया। न्यायालय के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जिला पुलिस ने कहा कि अवैध हथियार रखने और अपराध को बढ़ावा देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply