अवैध असला सप्लाई मामले में सीआईए कलायत की कार्रवाई, आरोपी अमीर खान गिरफ्तार
कैथल। अवैध असला और अम्युनेशन की सप्लाई करने वाले अपराधियों के खिलाफ जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए कलायत पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई राजीव सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर-5 चीका निवासी अमीर खान को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 10 जून को सीआईए कलायत पुलिस ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर गांव खरक पाडवा से सजूमा जाने वाली सड़क के टी-प्वाइंट पर दबिश देकर गांव खरौदी निवासी अशोक उर्फ शौकी को गिरफ्तार किया था।
उस समय आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का देसी कट्टा तथा 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। इस संबंध में थाना कलायत में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान आरोपी अशोक से की गई व्यापक पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसे उक्त अवैध हथियार आरोपी अमीर खान द्वारा उपलब्ध करवाया गया था।
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अमीर खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है तथा अवैध हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।


Leave a Reply