“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

सुओं से जानलेवा हमला करने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

सुओं से जानलेवा हमला करने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

कैथल। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में करनाल रोड स्थित डिफेंस कॉलोनी के पास हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह तथा थाना सिविल लाइन एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश चंद्र के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव पाडला निवासी बंटी तथा कैथल निवासी कृष्ण, साहिल और हर्षु के रूप में हुई है।

एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश चंद्र ने बताया कि 6 जून 2026 की रात करीब 8:30 बजे फौजी टेंट हाउस के संचालक अनूप कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार उनका भाई प्रवीन कुमार और साथी सोहन लाल दुकान बंद कर घर जा रहे थे। रास्ते में एक जूस रेहड़ी पर रुकने के दौरान उनकी एक व्यक्ति से कहासुनी हो गई।

आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद कई लोगों ने मिलकर शिकायतकर्ता पक्ष पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बर्फ तोड़ने वाले सुए, ईंटों और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया, जिससे अनूप कुमार, प्रवीन कुमार और सोहन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख आरोपी अपने वाहनों सहित फरार हो गए थे।

मामले में थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर उनकी निशानदेही भी करवाई गई।

एसएचओ रमेश चंद्र ने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले तथा हिंसक घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *