अफीम सप्लाई मामले में राजस्थान का सप्लायर गिरफ्तार, 5 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद
कैथल। नशा तस्करों की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक सेल ने 517 ग्राम अफीम बरामदगी मामले में राजस्थान निवासी एक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5 हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार नशा सप्लाई करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई जसमेर सिंह की टीम ने गांव उटेल, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) निवासी भेरूलाल को गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 2 जून को एंटी नारकोटिक सेल के एसआई बलराज सिंह की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर आश्रम पबनावा के पास नाकाबंदी कर गांव फरल निवासी बिजेंद्र सिंह को कार सहित काबू किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 517 ग्राम अफीम बरामद हुई थी।
इस संबंध में थाना ढांड में मामला दर्ज कर आगामी जांच एएसआई जसमेर सिंह को सौंपी गई। पूछताछ के दौरान आरोपी बिजेंद्र सिंह ने खुलासा किया कि उसे बरामद अफीम राजस्थान निवासी भेरूलाल द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने आरोपी भेरूलाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 5 हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई है।
पुलिस द्वारा आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जिला पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी और नशीले पदार्थों की सप्लाई में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Leave a Reply