हेरोइन सप्लाई मामले में पंजाब का सप्लायर गिरफ्तार, 10 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद
कैथल। नशा तस्करों की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई करते हुए सीआईए-1 पुलिस ने हेरोइन सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई जसबीर सिंह की टीम ने गांव गामावाला, जिला फिरोजपुर (पंजाब) निवासी गुरमेल सिंह को गिरफ्तार किया है, जो हेरोइन सप्लाई करने के मामले में वांछित था।
उन्होंने बताया कि 4 जून को सीआईए-1 पुलिस की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर थाना गुहला क्षेत्र में डेरा भाग सिंह से खुशहाल माजरा मार्ग पर नाकाबंदी कर वार्ड नंबर-6 चीका निवासी अजय, सीन्टू और सतीश उर्फ बम्बू को 100.05 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया था।
इस मामले में थाना गुहला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच एएसआई जसबीर सिंह द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपियों को बरामद हेरोइन पंजाब निवासी गुरमेल सिंह द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गुरमेल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान उसके कब्जे से 10 हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई।
पुलिस द्वारा आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जिला पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी और नशीले पदार्थों की सप्लाई में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।


Leave a Reply