सीआईए-1 पुलिस द्वारा 100.05 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित 3 आरोपी काबू, गाड़ी जब्त
कैथल। जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए-1 पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना गुहला क्षेत्र से तीन आरोपियों को 100.05 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है तथा उनकी स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई रघुबीर सिंह की टीम अपराध रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान गांव सलेमपुर के पास एक विश्वसनीय सूचना मिली कि वार्ड नंबर 6 चीका निवासी अजय, सीन्टू और सतीश उर्फ बम्बु नशीले पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) का सेवन एवं बिक्री करते हैं और पंजाब से नशीला पदार्थ लेकर वापस आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डेरा भाग सिंह से खुशहाल माजरा मार्ग पर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद एक स्विफ्ट कार में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें काबू कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान चीका निवासी अजय, सीन्टू और सतीश उर्फ बम्बु के रूप में हुई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे डीएसपी गुहला रमेश गुलिया की मौजूदगी में आरोपियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पॉलीथिन में 100.05 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ-साथ स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ थाना गुहला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे एएसआई जसबीर सिंह द्वारा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सतीश उर्फ बम्बु से गहन पूछताछ के लिए न्यायालय से चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।


Leave a Reply