आई-20 कार में 30 किलो 60 ग्राम डोडा पोस्त सहित दो आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 13 मई 2026: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। सीआईए-1 पुलिस ने आई-20 कार में डोडा पोस्त की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 किलो 60 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीआईए-1 प्रभारी सब इंस्पेक्टर जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई जसबीर सिंह की टीम गांव प्यौदा के पास प्यौदा-हरसौला चौक, नेशनल हाईवे-152 पर गश्त कर रही थी।
इस दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव चिंदड़, जिला फतेहाबाद निवासी चंद्रपाल तथा गांव भोडिया, जिला हिसार निवासी कपिल देव आई-20 कार में डोडा पोस्त लेकर कलायत की ओर से अंबाला की तरफ जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाद सूचना के अनुसार आई-20 कार मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया।
पुलिस द्वारा नायब तहसीलदार कलायत महेश कुमार की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की डिग्गी में रखे दो काले प्लास्टिक कट्टों से 30 किलो 60 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
आरोपियों की पहचान चंद्रपाल निवासी गांव चिंदड़, जिला फतेहाबाद तथा कपिल देव निवासी गांव भोडिया, जिला हिसार के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ थाना तितरम में मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके पर पहुंचे एएसआई कमलजीत सिंह ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा तस्करी में प्रयुक्त आई-20 कार को जब्त कर लिया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।


Leave a Reply