“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर लाखों की ठगी मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर लाखों की ठगी मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

📍 कैथल | 🗓️ 27 फरवरी 2026

कैथल, 27 फरवरी 2026: विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम पुलिस ने इंस्टाग्राम के माध्यम से ऑस्ट्रेलिया का स्टडी वीजा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार की गई। मामले की जांच थाना साइबर क्राइम प्रभारी एसआई रणदीप सिंह की अगुवाई में एएसआई प्रदीप कुमार की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान गांव बिरखैर, जिला कुरुक्षेत्र निवासी तथा वर्तमान में भूतगढ़, जिला लुधियाना (पंजाब) निवासी विवेक शर्मा को गिरफ्तार किया गया।

शिकायतकर्ता गांव बदसूई निवासी रवि पूनिया ने बताया कि उसकी पत्नी ऑस्ट्रेलिया में स्टडी वीजा पर रह रही है और वह स्वयं भी स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया जाना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसने इंस्टाग्राम पर वीजा एजेंसियों की जानकारी खोजी। इसी दौरान एक इंस्टाग्राम अकाउंट से उसे संदेश मिला, जिसमें 6 लाख रुपये में ऑस्ट्रेलिया का स्टडी वीजा लगवाने का दावा किया गया।

आरोपियों की बातों में आकर रवि पूनिया ने अपने जरूरी दस्तावेज व्हाट्सएप पर भेज दिए। 23 जनवरी 2025 को उसके व्हाट्सएप पर एक कथित वीजा भेजा गया। इसके बाद टिकट के नाम पर उससे 2 लाख 10 हजार रुपये और ले लिए गए। भुगतान के बाद न तो टिकट भेजी गई और न ही वीजा की प्रमाणिक प्रति उपलब्ध करवाई गई। बाद में आरोपियों ने उसे इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया।

इस संबंध में थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पहले ही गांव लोहारा, जिला कुरुक्षेत्र निवासी सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में सामने आया कि विवेक शर्मा और सुरेंद्र सिंह ने मिलकर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर यह धोखाधड़ी की थी।

पुलिस ने आरोपी विवेक शर्मा के कब्जे से 5 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *