काली वरना कार में अफीम तस्करी कर रहे 4 आरोपी गिरफ्तार, 250 ग्राम अफीम बरामद
कैथल, 10 मई 2026: जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल ने काली रंग की वरना कार में अफीम तस्करी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 250 ग्राम अफीम बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में की गई। एएसआई जगभान की टीम को गश्त के दौरान गांव टीक के पास बरोट-बंदराना रोड टी-प्वाइंट पर गुप्त सूचना मिली कि ढांड पंचमुखी चौक के पास एक काली वरना कार में चार व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर कैथल की ओर आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत ढांड-कैथल रोड पर गांव टीक के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद सूचना अनुसार नंबर की काली वरना कार मौके पर पहुंची, जिसे रोककर जांच की गई।
कार में सवार व्यक्तियों की पहचान गांव कैलरम निवासी मन्दीप और जसविंद्र सिंह, गांव चंदाना निवासी आनंद तथा गांव खनोदा निवासी रिशी के रूप में हुई।
डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड में रखे एक पॉलिथीन बैग से 250 ग्राम अफीम बरामद हुई।
आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर मौके पर पहुंचे एसआई बलराज ने चारों को गिरफ्तार कर लिया। नशा तस्करी में प्रयुक्त वरना कार को भी जब्त कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है।















Leave a Reply