“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4380 प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित आरोपी गिरफ्तार

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4380 प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित आरोपी गिरफ्तार

📍 कैथल | 🗓️ 08 मई 2026

कैथल, 08 मई 2026: युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्पेशल डिटैक्टिव यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4380 प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि स्पेशल डिटैक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई शमशेर सिंह की टीम जींद रोड कैथल पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव सांघन निवासी बिन्टु काफी समय से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का अवैध कारोबार कर रहा है और नशेड़ी युवकों को सप्लाई देकर समाज में नशे को बढ़ावा दे रहा है।

सूचना के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली गोलियां लेकर सिरसा ब्रांच नहर पटरी के रास्ते गांव चंदाना की तरफ सप्लाई देने जाने वाला था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिरसा ब्रांच नहर पटरी पर गांव चंदाना की ओर नाकाबंदी की।

कुछ देर बाद जींद रोड की तरफ से एक युवक काले रंग की मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया। आरोपी की पहचान गांव सांघन निवासी बिन्टु के रूप में हुई।

मोटरसाइकिल की टंकी पर रखे काले रंग के पोलिथीन बैग की तलाशी ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ कैथल कंचन पांडे की मौजूदगी में नियमानुसार ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से लोराजेपम नामक टेबलेट के 146 पत्तों में कुल 4380 प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुईं।

पूछताछ के दौरान आरोपी उक्त दवाइयों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर द्वारा जांच में टैबलेट को प्रतिबंधित घोषित किया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना तितरम में मामला दर्ज कर स्पेशल डिटैक्टिव यूनिट के एएसआई तरशेम कुमार द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा उससे पूछताछ जारी है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे से बचाने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *