कैथल में थार गाड़ी से 7.5 किलो डोडा पोस्त बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
कैथल, 04 मई: जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए राजौंद क्षेत्र से तीन आरोपियों को काबू किया है। आरोपी थार गाड़ी में नशा तस्करी कर रहे थे, जिनके कब्जे से 7 किलो 50 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई रोहताश सिंह की टीम गश्त के दौरान राजौंद क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली कि काले रंग की थार गाड़ी में सवार तीन युवक भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर असंध की तरफ से राजौंद की ओर आने वाले हैं, जिन्हें नाकाबंदी कर पकड़ा जा सकता है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी गठित कर बंद पड़े पंजाबी ढाबा राजौंद के पास नाकाबंदी की। कुछ ही समय बाद संदिग्ध थार गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसे पुलिस ने रुकवाया। गाड़ी में सवार तीनों युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को काबू कर लिया।
आरोपियों की पहचान गांव दाबनखेड़ी निवासी जसकरण उर्फ करण, सुखचेन उर्फ बिला तथा सुलतानिया डेरा निवासी अजय कुमार के रूप में हुई। पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंचे एईटीओ कैथल रोहित कुमार के समक्ष ली गई तलाशी के दौरान गाड़ी में रखे एक प्लास्टिक कट्टे से 7 किलो 50 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना राजौंद में मामला दर्ज कर मौके पर पहुंचे एएसआई राजेश द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से व्यापक पूछताछ की जा रही है।















Leave a Reply