“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर आभूषण लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5 दिन के पुलिस रिमांड पर

कैथल पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने मेरठ निवासी आरोपी गुलजार को किया गिरफ्तार, मंदिर जाते समय महिला को बनाया था निशाना

कैथल, 2 नवंबर। कैथल में महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर सोने और चांदी के आभूषण छीनने के मामले में जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ के गांव सादलपुर निवासी गुलजार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिले में चोरी, लूट और ठगी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल कैथल के प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई अनिल कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गुलजार को गिरफ्तार किया।

मंदिर जाते समय महिला को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार, हुड्डा कैथल निवासी मधु गोयल ने शिकायत में बताया था कि 5 अगस्त को सुबह करीब 7:30 बजे वह घर से पैदल मंदिर जा रही थीं। रास्ते में एक अज्ञात युवक उनके पास आया और गीता शर्मा (योगा टीचर) का पता पूछने लगा। इसी दौरान एक अन्य युवक भी वहां पहुंच गया और महिला को बातचीत में उलझा लिया।

आरोप है कि दोनों युवकों ने महिला को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इसके बाद उसके हाथों से सोने के दो कंगन, एक सोने की अंगूठी और चांदी का छल्ला उतारकर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।

सिविल लाइन थाने में दर्ज हुआ था मामला

घटना के संबंध में थाना सिविल लाइन कैथल में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए अब गांव सादलपुर, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) निवासी गुलजार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस द्वारा आरोपी से वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों और मामले से जुड़े तथ्यों के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। इसके लिए अदालत से आरोपी का 5 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।