एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
खेड़ी गुलाम अली में किरयाना स्टोर से 181 किलो 380 ग्राम पटाखे बरामद
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल के प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव खेड़ी गुलाम अली निवासी विजय गर्ग उर्फ मोनू ने अपने मकान के नीचे बनी किरयाना स्टोर की दुकान में बिना लाइसेंस और परमिट के बिक्री के लिए भारी मात्रा में पटाखे रखे हुए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान के पीछे बने कमरे से गत्ता पेटियां बरामद हुईं। आरोपी विजय गर्ग पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।
इसके बाद एलएफएम गुहला सतपाल सिंह को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में पेटियों की जांच की गई तो कुल 6 गत्ता पेटियों से 181 किलो 380 ग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए। इस संबंध में थाना सीवन में मामला दर्ज किया गया है।
फतेहपुर में मकान से 124 किलो 950 ग्राम पटाखे बरामद
दूसरी कार्रवाई में पुलिस चौकी पूंडरी प्रभारी एएसआई ऋषि कुमार के नेतृत्व में एसआई रमेशचंद्र सिंह की टीम अनाज मंडी पूंडरी में गश्त और अपराधों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बलकार कॉलोनी, फतेहपुर निवासी सन्नी अपने मकान में बिना लाइसेंस और परमिट के चटर-पटर (छोटे पटाखे) बनाने का काम करता है तथा तैयार पटाखों को बिक्री के लिए रखता है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से 12 गत्ता पेटियों में अवैध पटाखे मिले। आरोपी सन्नी भी पटाखे बनाने, रखने और बेचने संबंधी कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर दमकल केंद्र पूंडरी के इंचार्ज कश्मीर सिंह को बुलाया। पेटियों का वजन करने पर कुल 124 किलो 950 ग्राम अवैध पटाखे पाए गए। इस मामले में थाना पूंडरी में केस दर्ज किया गया है।
दोनों मामलों में पुलिस की आगामी कार्रवाई जारी
कैथल पुलिस द्वारा दोनों मामलों में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से पटाखों का भंडारण, निर्माण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Suggested URL Slug:

,
