कैथल। शराब ठेके पर लूटपाट के मामले में कैथल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने वारदात में शामिल तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के गांव फुलद निवासी दीपक उर्फ दीपू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तलवार और 5 हजार रुपये बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जिला पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने शराब ठेके पर हुई लूटपाट की वारदात को सुलझाते हुए तीसरे आरोपी को काबू किया।
रात के समय शराब ठेके में घुसे थे तीन बदमाश
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव आधंली निवासी नवाब सिंह ने शिकायत दी थी कि उसके पास खरकां व तारावाली ग्रुप में सिद्धू वाइन के नाम से शराब के ठेके हैं। डेरा महल सिंह सब-वैंड खरकां पर सतपाल निवासी गांव ढाठरथ, जिला जींद, पिछले करीब दो वर्षों से सेल्समैन के तौर पर काम कर रहा था।
4 जुलाई की रात करीब 1 बजे तीन अज्ञात युवक शराब ठेके की पिछली तरफ लगी टीन की चद्दर काटकर अंदर घुस गए। उस समय सेल्समैन ठेके के अंदर सो रहा था। आवाज सुनकर जब वह उठा तो तीनों युवक उसके सामने खड़े थे। इनमें से एक आरोपी के हाथ में तलवार थी।
तलवार दिखाकर सेल्समैन को दी जान से मारने की धमकी
आरोपी ने सेल्समैन की गर्दन पर तलवार रखकर शोर करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों आरोपी शराब ठेके से शराब की विभिन्न पेटियां, गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी, सेल्समैन का आधार कार्ड और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
लुटेरों ने ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया और डीवीआर अपने साथ ले गए। इस संबंध में थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया था।
स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने तीसरे आरोपी को दबोचा
मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एसआई वीरेंद्र सिंह की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपी दीपक उर्फ दीपू निवासी गांव फुलद, जिला संगरूर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तलवार और 5 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दीपक भी उक्त लूट की वारदात में शामिल था।
इस मामले में पुलिस द्वारा पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


Leave a Reply