सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन पर सख्ती, डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने दी चेतावनी
कैथल, 22 अप्रैल: जिला कैथल में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत अब सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल के समय में कुछ युवा हथियारों के साथ फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं। इस प्रकार की गतिविधियां समाज में नकारात्मक संदेश देती हैं और आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा देती हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में केवल फोटो अपलोड करने वाला ही नहीं, बल्कि हथियार उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति भी समान रूप से दोषी माना जाएगा।
डीएसपी ने कहा कि कई बार ऐसे मामलों में हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं, जो पूरी तरह गैरकानूनी हैं और जन सुरक्षा के लिए खतरा हैं। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कैथल पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि लाइसेंसधारी हथियार धारक अपने हथियार किसी अन्य व्यक्ति को न दें और न ही उनका सार्वजनिक प्रदर्शन करें। ऐसा करना कानून का उल्लंघन है, जिससे हथियार का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रवृत्तियां युवाओं को गलत दिशा में ले जाती हैं और समाज में असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं। इसलिए सभी नागरिकों को जिम्मेदार व्यवहार अपनाते हुए कानून का पालन करना चाहिए।















Leave a Reply