समाजसेवी राजेंद्र कुमार ने राजकीय स्कूल को 3.30 किलोवाट स्मार्ट इन्वर्टर किया भेंट
📍 खानपुर | 🗓️ Updated: 18 April 2026
सुपुत्र को इटली में पीआर मिलने की खुशी में समाजसेवी ने स्कूल को दिया अत्याधुनिक इन्वर्टर, बच्चों को मिलेगा बेहतर शिक्षा वातावरण।
खानपुर, 18 अप्रैल 2026: गांव खानपुर निवासी समाजसेवी राजेंद्र कुमार ने अपने सुपुत्र को इटली में स्थायी निवास (पीआर) मिलने की खुशी में आज खानपुर के राजकीय स्कूल को 3.30 किलोवाट क्षमता का अत्याधुनिक स्मार्ट इन्वर्टर दान स्वरूप भेंट किया। इस पुनीत कार्य के लिए विद्यालय परिवार द्वारा उनका भावपूर्ण स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह में स्कूल के डीडीओ हरपाल सिंह, विद्यालय संचालिका श्रीमती रेखा देवी, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने श्री राजेंद्र कुमार का माल्यार्पण कर विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए हरपाल सिंह ने कहा कि राजेंद्र जी द्वारा दिया गया यह 3.30 किलोवाट का स्मार्ट इन्वर्टर हमारे स्कूल के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। गर्मियों में बार-बार होने वाली बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित होती थी। कम्प्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास और विज्ञान प्रयोगशाला का संचालन भी प्रभावित होता था। इस इन्वर्टर के लगने से अब निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी और बच्चों को डिजिटल शिक्षा का पूरा लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने आगे कहा कि समाज के जागरूक नागरिकों द्वारा इस तरह के योगदान से सरकारी स्कूलों का स्तर निश्चित रूप से ऊंचा उठेगा।
विद्यालय की संचालिका श्रीमती रेखा देवी ने दानदाता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे की सफलता की खुशी को समाज और शिक्षा के साथ साझा करना एक अनुकरणीय पहल है। राजेंद्र जी ने यह सिद्ध किया है कि यदि नीयत नेक हो तो खुशी के पल दूसरों के जीवन में भी उजाला ला सकते हैं। यह स्मार्ट इन्वर्टर न केवल बिजली का बैकअप देगा बल्कि सोलर पैनलों से सारा दिन निर्बाध बिजली पूर्ति होगी।















Leave a Reply