“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

फायर व नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल का तुरंत समाधान करे सरकार : सीटू

फायर व नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल का तुरंत समाधान करे सरकार : सीटू

📍 कैथल | 🗓️ 08 मई 2026

कैथल, 08 मई 2026: अग्निशमन विभाग और नगर पालिका कर्मचारियों की चल रही हड़ताल का सरकार द्वारा तुरंत समाधान किए जाने की मांग मजदूर संगठन सीटू ने उठाई है। यह मांग यहां फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वन विभाग मजदूर यूनियन हरियाणा के प्रधान विजय शर्मा ने की।

आज फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के आंदोलन के समर्थन में बड़ी संख्या में वन विभाग के मजदूरों ने सभा आयोजित की। यूनियन के राज्य महासचिव राजकुमार सौलंकी ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार को फायर व नगरपालिका कर्मचारियों की मांगों को लेकर हठधर्मिता छोड़कर तुरंत बातचीत करनी चाहिए, ताकि जनता को राहत मिल सके।

उन्होंने बताया कि फायर विभाग के कर्मचारी 8 अप्रैल से तथा नगरपालिका कर्मचारी 1 मई से हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने हड़ताल एकाएक शुरू नहीं की, बल्कि पहले ज्ञापन दिए, धरना-प्रदर्शन किए और नोटिस भी दिए गए। बावजूद इसके कोई समाधान नहीं निकला, जिसके चलते कर्मचारियों को मजबूरन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।

वक्ताओं ने कहा कि हड़ताल के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा है। वहीं सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से शहरों में गंदगी के ढेर लग चुके हैं और बदबू फैल रही है, जिससे लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद सरकार कर्मचारियों से बातचीत करने के बजाय चुप्पी साधे हुए है।

सभा को सीटू कोषाध्यक्ष जयप्रकाश शास्त्री, चौथा दर्जा यूनियन के राज्य नेता छज्जू राम तथा सर्व कर्मचारी संघ कैथल के जिला प्रधान ओमपाल भाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हड़ताली कर्मचारी अकेले नहीं हैं, बल्कि विभिन्न विभागों और यूनियनों के कर्मचारी उनके समर्थन में खड़े हैं।

नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो कैथल शहर में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सभा में वन विभाग मजदूर यूनियन के नेता प्रेम, दलबीर सिंह, कृष्ण कुमार, बशेशर, मनोज कुमार और राजेश सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। वहीं रिटायर्ड कर्मचारी संघ के नेताओं रमेश हरित और जसबीर सिंह ने भी सरकार से जनता की परेशानियों को देखते हुए जल्द दोनों हड़तालों का समाधान करने की मांग की।

प्रेस नोट जारीकर्ता जसबीर सिंह ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए तुरंत बातचीत करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *