आर.के.एस.डी. कॉलेज में नए सत्र के लिए एडमिशन प्रक्रिया शुरू, विद्यार्थियों हेतु आईटी सेल स्थापित
कैथल, 08 मई 2026: उच्च शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल शुरू किए जाने के बाद आर.के.एस.डी. कॉलेज, कैथल में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार फिलहाल वे विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे जो पिछले वर्ष किसी कारणवश दाखिला लेने से वंचित रह गए थे।
महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विशेष आईटी कंप्यूटर सेल स्थापित किया है। यहां विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज अपलोड, पंजीकरण तथा तकनीकी सहायता संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त कॉलेज परिसर में हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी ताकि विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि आर.के.एस.डी. कॉलेज विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने का आह्वान किया तथा कहा कि कॉलेज में पारदर्शी एवं मेरिट आधारित प्रवेश प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
प्रधान श्री अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि आर.के.एस.डी. कॉलेज क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का अग्रणी संस्थान है। यहां विद्यार्थियों को शैक्षणिक, तकनीकी तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़ी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन भविष्य उन्मुख शिक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कॉलेज प्रशासन द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों का विवरण भी जारी किया गया है। बी.ए. में 560 सीटें, बी.ए. सांध्यकालीन में 380 सीटें, बी.कॉम (एडेड) में 240 सीटें तथा बी.कॉम (सेल्फ फाइनेंस) में 220 सीटें निर्धारित की गई हैं।
इसके अलावा बी.एससी. नॉन मेडिकल में 260 सीटें, बी.एससी. मेडिकल में 80 सीटें, बीबीए (सेल्फ फाइनेंस) में 70 सीटें, बीसीए (सेल्फ फाइनेंस) में 70 सीटें तथा बीवोक (सेल्फ फाइनेंस) में 30 सीटें उपलब्ध रहेंगी। वहीं बी.कॉम ऑनर्स, बी.कॉम टैक्स और बी.कॉम इंश्योरेंस में 60-60 सीटें निर्धारित की गई हैं।















Leave a Reply