विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से मतदाता सूची होगी अधिक शुद्ध और पारदर्शी : एडीसी सुशील कुमार
कैथल। पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सुशील कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाया जा रहा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान मतदाता सूचियों को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सोमवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए एडीसी सुशील कुमार ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि केवल पात्र मतदाताओं के नाम ही मतदाता सूची में दर्ज हों तथा प्रत्येक योग्य नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान मृत मतदाताओं के नाम हटाने, दोहरी प्रविष्टियों को समाप्त करने, स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड को अपडेट करने तथा नए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एडीसी ने जानकारी दी कि पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में कुल 184 मतदान केंद्र हैं और यहां 1 लाख 94 हजार 11 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 1 लाख 57 हजार 227 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष मतदाताओं का सत्यापन कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि 14 जून तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को दो प्रपत्र उपलब्ध करवाएंगे, जिन्हें भरकर जमा करवाना होगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से दो पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखने की अपील की।
सुशील कुमार ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत तैयार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने या अन्य त्रुटियों को समय रहते ठीक किया जा सके।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस विशेष अभियान में सक्रिय सहयोग करें और बूथ लेवल अधिकारियों को सही जानकारी उपलब्ध करवाकर मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।







Leave a Reply