पांच जून से शुरू होगा मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान : डीसी अपराजिता
कैथल, 28 मई: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला कैथल की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान निर्धारित समयावधि में संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले के 807 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूचियों का सत्यापन किया जाएगा।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपराजिता ने बताया कि एसआईआर की मलिफाइंग तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इसके तहत बीएलओ का प्रशिक्षण एवं आवश्यक सामग्री वितरण 5 जून से 14 जून तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कार्य 15 जून से 14 जुलाई तक चलेगा, जबकि मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन भी 14 जुलाई तक पूरा किया जाएगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई को किया जाएगा।
डीसी अपराजिता के अनुसार दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त तक रहेगी, जबकि इनका निपटान 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी और सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
डीसी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का आग्रह किया, ताकि मतदाता सूची अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाई जा सके।
उन्होंने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि घर-घर सत्यापन के दौरान बीएलओ और चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का सहयोग करें तथा सही जानकारी उपलब्ध करवाएं।
डीसी अपराजिता ने कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा समस्या के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।









Leave a Reply