“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

गुहला विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ, सुपरवाइजर और एईआरओ को दिया प्रशिक्षण

गुहला विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ, सुपरवाइजर और एईआरओ को दिया प्रशिक्षण

कैथल। मतदाता सूची को अधिक सटीक, नवीनतम और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गुहला विधानसभा क्षेत्र के 199 बीएलओ, सुपरवाइजरों और सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण शिविर में मतदाता सत्यापन, गणना प्रपत्र भरवाने तथा डाटा अपडेट करने से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

चुनाव कानूनगो राजकुमार ने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और प्रत्येक मतदाता से दो प्रतियों में गणना प्रपत्र भरवाएंगे। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को निर्देश दिए गए कि गणना प्रपत्रों पर मतदाताओं की नवीनतम पासपोर्ट आकार की फोटो अनिवार्य रूप से लगवाई जाए। इसके अलावा ऐसे मतदाताओं की पहचान भी की जाए जिनका रिकॉर्ड अभी तक वर्ष 2002 की मतदाता सूची से लिंक नहीं हो पाया है। अभियान के दौरान ऐसे सभी मामलों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त गणना प्रपत्रों को बीएलओ द्वारा तुरंत बीएलओ एप के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को समय पर अपडेट किया जा सके।

मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सर्वेक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके तहत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक तथा दोहरे नाम वाले मतदाताओं की अलग-अलग सूची तैयार की जाएगी, जिससे मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।

अधिकारियों ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजरों और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *