“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 2 जून को होगा जिला स्तरीय प्रदर्शन

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 2 जून को होगा जिला स्तरीय प्रदर्शन

📍 कैथल | 🗓️ 31 मई 2026

कैथल: पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति द्वारा रविवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। प्रेस वार्ता के दौरान कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।

समिति के राज्य प्रधान विजेंदर धारीवाल ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नई पेंशन योजना (एनपीएस) कर्मचारियों के हितों के अनुरूप नहीं है और इससे सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक असुरक्षा बनी रहती है।

उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए 2 जून को जिला स्तर पर एक विशाल प्रदर्शन एवं धरने का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

समिति के नेताओं ने राज्य सरकार से पुरानी पेंशन योजना को शीघ्र लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और सरकार को उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला प्रधान जितेंद्र करोड़ा, आईटी सेल प्रभारी दिनेश शर्मा, स्टेट कैशियर गयान गिल, हसला के प्रधान राजीव मलिक, सलाह के जिला प्रधान सतबीर कौशिक, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान रामपाल देओरा सहित अनेक कर्मचारी संगठन प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *