सरकारी सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ आमजन को उपलब्ध कराना जन कल्याण शिविर का मुख्य उद्देश्य : डीसी अपराजिता
तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का शुभारंभ, पात्र लाभार्थियों का मौके पर किया गया पंजीकरण और समस्याओं का समाधान
कैथल। केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त अपराजिता ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आम नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण कर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई।
एक ही स्थान पर मिल रही विभिन्न सेवाएं
डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जन कल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से बचाना तथा एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
डीसी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
नागरिकों ने उठाया योजनाओं का लाभ
जन कल्याण शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
शिविर में कई पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण भी किया गया तथा विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।
उपस्थित नागरिकों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
18 और 19 जून को भी लगेंगे शिविर
एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि 17 जून को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर सरकारी अवकाश रहेगा। इसलिए जन कल्याण शिविर अब 18 और 19 जून को आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी इन शिविरों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
एडीसी ने बताया कि कैथल में शिविर लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित किए जाएंगे, जबकि कलायत, गुहला और पूंडरी में बीडीपीओ कार्यालयों में जन कल्याण शिविर लगाए जाएंगे।


Leave a Reply