हर शिकायत का गंभीरता से समाधान करें अधिकारी, आमजन को बार-बार न लगाने पड़ें चक्कर: डीसी अपराजिता
कैथल, 22 मई: डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आमजन की शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए, ताकि लोगों को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों और शिविरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
डीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थीं। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करें और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बुलाकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे में प्रार्थी की संतुष्टि को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि लोगों का प्रशासनिक व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
डीसी अपराजिता ने निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी न हो। निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और समाधान के बाद संबंधित पोर्टल पर एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान नियमानुसार संभव नहीं है, उन मामलों में जांच रिपोर्ट सहित पोर्टल पर पूरी जानकारी अपडेट की जाए।
डीसी ने कहा कि जिला और उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के जरिए लोगों की व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
बैठक में सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) शिवानी पांचाल, सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, एसडीएम संजय कुमार तथा डीएसपी सुशील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।














Leave a Reply