“नशे मुक्त हो जिला” अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचकर युवाओं और ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक
कैथल, 16 मई: कैथल पुलिस द्वारा “नशे मुक्त हो जिला” अभियान के तहत जिलेभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालकर उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशन में नशा जागरूकता टीम द्वारा गांव टीक, बरोट और बंदराना में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में ग्रामीणों, विद्यार्थियों, युवाओं और महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
जागरूकता टीम में एसआई कर्मबीर सिंह, एएसआई मनोज, एचसी दिनेश, सिपाही नसीब, महिला सिपाही नीलम, महिला एसपीओ गीता और एसपीओ चांदी राम शामिल रहे। टीम ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है।
युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और रोजगार जैसे सकारात्मक कार्यों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि कहीं भी नशे का अवैध कारोबार दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
ग्रामीणों ने पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का आश्वासन दिया। कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











Leave a Reply