नशा तस्करों पर कैथल पुलिस का लगातार शिकंजा, 4.08 ग्राम स्मैक व 2 लीटर हथकढ़ी शराब सहित आरोपी गिरफ्तार
कैथल। नशा मुक्त हो जिला मुहिम के तहत पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक सेल-2 की टीम ने एक आरोपी को 4.08 ग्राम स्मैक और 2 लीटर हथकढ़ी शराब सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल-2 के प्रभारी पीएसआई शनेष कुमार की टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि गांव पोलड़ निवासी हरपाल अवैध शराब बेचने का कार्य करता है तथा वह गांव पोलड़ से कांगथली की ओर शराब लेकर जाने वाला है।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने पोलड़ ड्रेन पुल के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ समय बाद एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोककर जांच की। उसकी पहचान गांव पोलड़ निवासी हरपाल के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पॉलीथिन में 2 लीटर हथकढ़ी शराब तथा दूसरी पॉलीथिन में 4.08 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सीवन में एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
मौके पर पहुंचे एएसआई सुरेश कुमार द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


Leave a Reply