नशा तस्करों पर कैथल पुलिस का बड़ा शिकंजा, 2 मामलों में 25 किलो डोडा पोस्त और 1 किलो चरस बरामद
कैथल, 26 मई: “नशा मुक्त हो जिला” अभियान के तहत कैथल पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए-1 पुलिस और नशा मुक्ति जागरूकता टीम कम एंटी नारकोटिक सैल-2 ने अलग-अलग दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है।
डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले मामले में सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एसआई संदीप कुमार की टीम तितरम क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव बाता निवासी संदीप मोटरसाइकिल पर चरस तस्करी का धंधा करता है और भारी मात्रा में चरस लेकर आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्यौदा-तितरम चौक एनएच-152 पर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। सतर्क पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
डीएसपी रोहताश कुमार की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी लेने पर उसके बैग से 1 किलो 56 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना तितरम में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरे मामले में नशा मुक्ति जागरूकता टीम कम एंटी नारकोटिक सैल-2 प्रभारी पीएसआई शनेष की टीम रत्ता खेड़ा लुकमान क्षेत्र में मौजूद थी। पुलिस को सूचना मिली कि गांव निवासी साहब सिंह डोडा पोस्त बेचने का धंधा करता है।
पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे काबू किया। नायब तहसीलदार बलराज सिंह की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो प्लास्टिक कट्टों में 25 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में पिछले दो महीनों में जिला पुलिस ने 36 मामलों में 54 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 7 मामले कमर्शियल क्वांटिटी से जुड़े हैं, जिनमें 10 आरोपी काबू किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Leave a Reply