कैथल पुलिस ने एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ परिसर में आयोजित किया ‘बड़ा खाना’ कार्यक्रम
कैथल, 15 मई 2026: जिला पुलिस द्वारा एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ परिसर में “बड़ा खाना” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने शिरकत की। इस अवसर पर जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रबंधक, चौकी प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ बैठकर भोजन किया और आपसी भाईचारे, एकता तथा सौहार्द का संदेश दिया।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि “बड़ा खाना” पुलिस बल की एक महत्वपूर्ण पारंपरिक परंपरा है, जिसका मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों के बीच भाईचारा, सहयोग और टीम भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग एक परिवार की तरह कार्य करता है और ऐसे आयोजन कर्मचारियों के मनोबल तथा समन्वय को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी और जवान दिन-रात जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए कार्य करते हैं। ऐसे में सामूहिक कार्यक्रम उन्हें सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं और आपसी संबंधों को और मजबूत बनाते हैं।
इस अवसर पर एसपी ने पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि विभाग उनके कल्याण और सुविधाओं के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।











Leave a Reply