कैथल, 10 सितंबर 2026: आधुनिक तकनीक के दौर में सोशल मीडिया लोगों के जीवन का अहम हिस्सा बन गया है। सोशल मीडिया जहां लोगों को जोड़ने और जानकारी साझा करने का प्रभावी माध्यम है, वहीं लापरवाही से इसका इस्तेमाल साइबर अपराध का कारण भी बन सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कैथल पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने आमजन के लिए सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है।
अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सतर्कता बरतें और अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। साइबर अपराधी अक्सर फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करते हैं और बाद में उनकी निजी जानकारी का दुरुपयोग कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फोटो, वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। कोई भी जानकारी गलत व्यक्ति के हाथ लगने पर इसका इस्तेमाल साइबर अपराध के लिए किया जा सकता है।
सोशल मीडिया अकाउंट का पासवर्ड रखें मजबूत
कैथल एसपी ने सोशल मीडिया यूजर्स को सलाह दी कि वे अपने अकाउंट का मजबूत पासवर्ड रखें और समय-समय पर उसे बदलते रहें। इसके साथ ही सोशल मीडिया अकाउंट में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) जरूर सक्रिय करें, ताकि अनधिकृत व्यक्ति के लिए अकाउंट में प्रवेश करना मुश्किल हो सके।
उन्होंने नागरिकों को किसी भी संदिग्ध लिंक, स्कीम या मैसेज पर क्लिक न करने की सलाह दी। साइबर ठग अक्सर फर्जी लिंक और आकर्षक योजनाओं के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।
बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर रखें नजर
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें। बच्चों को समझाया जाए कि वे अनजान व्यक्तियों से बातचीत न करें और उनके साथ अपनी फोटो या निजी जानकारी साझा न करें।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक और रचनात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाना चाहिए।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल
कैथल पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से धोखाधड़ी, धमकी, ब्लैकमेलिंग या आपत्तिजनक पोस्ट जैसी घटना होती है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और शिकायत दर्ज करवाएं।
एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया का जिम्मेदार और सुरक्षित उपयोग व्यक्ति की निजता और प्रतिष्ठा की सुरक्षा के साथ-साथ साइबर अपराधों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
सोशल मीडिया सुरक्षा के लिए कैथल पुलिस की प्रमुख सलाह
- अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें।
- सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सोच-समझकर साझा करें।
- फोटो और वीडियो पोस्ट करते समय सावधानी बरतें।
- मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें और समय-समय पर बदलें।
- सोशल मीडिया अकाउंट में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय रखें।
- संदिग्ध लिंक या मैसेज पर क्लिक न करें।
- बच्चों को अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत करने से रोकें।
- साइबर ठगी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें।
- किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।


Leave a Reply