“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 मामलों में 4 आरोपी गिरफ्तार

715 लीटर लाहण और 30 बोतल हथकड़ी शराब बरामद, राजौंद सहित कैथल शहर क्षेत्र में कार्रवाई

कैथल, 10 सितंबर 2026। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार कैथल जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब तैयार करने और बेचने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग चार मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 715 लीटर लाहण और 30 बोतल अवैध हथकड़ी शराब बरामद की है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पहली कार्रवाई थाना राजौंद पुलिस द्वारा की गई। एचसी आशीष कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव राजौंद से संतोख माजरा जाने वाली सड़क पर स्थित राजौंद निवासी रणबीर सिंह के खेत कोठे पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी रणबीर सिंह को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान कोठे में रखे दो प्लास्टिक ड्रमों से 300 लीटर लाहण बरामद हुआ।

राजौंद में दूसरी कार्रवाई, 100 लीटर लाहण और 30 बोतल शराब बरामद

दूसरे मामले में थाना राजौंद पुलिस के पीएसआई सुनील कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर राजौंद-संतोख माजरा रोड स्थित वार्ड नंबर 1 निवासी सुरेंद्र के खेत में बने मुर्गी फार्म पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान एक प्लास्टिक ड्रम से 100 लीटर लाहण तथा एक प्लास्टिक कैनी से 30 बोतल अवैध हथकड़ी शराब बरामद की गई।

सांपनखेड़ी में पशु बाड़े से 180 लीटर लाहण बरामद

तीसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल कैथल की टीम ने कार्रवाई की। एचसी सुनील कुमार और सिपाही कैलाश की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर गांव सांपनखेड़ी निवासी जसबीर सिंह के पशु बाड़े पर दबिश दी गई। पुलिस ने आरोपी जसबीर सिंह को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान लोहे के ड्रम से 180 लीटर लाहण बरामद किया गया।

कैथल शहर में खेत से 135 लीटर लाहण बरामद

चौथे मामले में थाना शहर कैथल पुलिस के एचसी सतबीर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर डेरा गरजा सिंह, पट्टी अफगान कैथल निवासी गुरमीत सिंह के मकान के पीछे स्थित जीरी के खेत में दबिश दी। पुलिस ने आरोपी गुरमीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान खेत की मेड़ पर रखी 9 प्लास्टिक कैनियों से 135 लीटर लाहण बरामद हुआ।

चारों आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार चारों मामलों में संबंधित थानों में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस द्वारा मामलों की आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कैथल पुलिस ने अवैध शराब तैयार करने, रखने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *