कैथल, 10 सितंबर। जिलेभर की आशा वर्करों ने गुरुवार को ऑनलाइन काम और नई-नई ऐप डाउनलोड कर उन पर काम करने के विरोध में प्रदर्शन किया। आशा वर्कर प्रधान सुषमा जडौला की अगुवाई में बड़ी संख्या में वर्कर जवाहर पार्क में एकत्रित हुईं। यहां आयोजित सभा को आशा यूनियन की राज्य कार्यकारी अध्यक्ष रानी और महासचिव सुनीता ने संबोधित किया।
राज्य महासचिव सुनीता ने कहा कि आशा वर्करों की नियुक्ति मुख्य रूप से जच्चा-बच्चा की देखरेख, स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आम महिलाओं और जनता तक पहुंचाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए की गई थी। आशा वर्कर इन जिम्मेदारियों को पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान आशा वर्करों ने जनता की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने कार्य से मिसाल कायम की। उनके कार्यों के लिए सरकार को भी कई स्तरों पर सम्मान और अवार्ड मिले हैं। इसके बावजूद अब आशा वर्करों को उनके मूल कार्यों से हटाकर लगातार ऑनलाइन काम और नई-नई ऐप डाउनलोड करके उन पर काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
ऑनलाइन काम और नई ऐप के विरोध में जताया रोष
सुनीता ने आरोप लगाया कि आशा वर्करों से लगातार अतिरिक्त काम लिया जा रहा है और उन्हें उनके मूल कार्यों से भटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 28 अगस्त को विभागीय मंत्री के समक्ष भी इस संबंध में विरोध दर्ज कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद ऑनलाइन कार्यों को लेकर वर्करों को परेशान किया जा रहा है।
सभा के बाद आशा वर्करों ने प्रदर्शन करते हुए सीएमओ कार्यालय का रुख किया। यहां उन्होंने जोरदार नारेबाजी की और ऑनलाइन काम तथा नई ऐप के विरोध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पर सैकड़ों आशा वर्करों ने हस्ताक्षर किए।
नगरपालिका कर्मचारियों के धरने को दिया समर्थन
प्रदर्शन के बाद सभी आशा वर्कर नगर परिषद कार्यालय पहुंचीं और वहां हड़ताल कर रहे नगरपालिका कर्मचारियों के धरने को समर्थन दिया। आशा वर्करों ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि वे उनकी मांगों और संघर्ष के साथ खड़ी हैं।
आशा वर्कर नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों के साथ की जा रही बदसलूकी और दमन की वे निंदा करती हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार से मांग की कि 13 मई को सरकार और कर्मचारियों के बीच हुए समझौते को लागू किया जाए, ताकि नगरपालिका कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान हो सके और आम जनता को गंदगी व बदबू से राहत मिल सके।
इन नेताओं ने भी किया संबोधित
प्रदर्शन और सभा को सीटू नेताओं जयप्रकाश शास्त्री, सत्यवान और नरेश रोहेड़ा के अलावा आशा यूनियन की नेत्रियों मेनका, चरणजीत कौर, रीना, प्रवेश, ऊषा, पूनम, सुदेश, प्रकाशो, रानी सुमन सीवन और सुरेंद्र कौर सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
आशा वर्करों ने स्पष्ट किया कि वे अपने मूल स्वास्थ्य संबंधी कार्यों के साथ-साथ लगातार बढ़ाए जा रहे ऑनलाइन कार्यों और नई ऐप आधारित काम के दबाव का विरोध जारी रखेंगी।








Leave a Reply