16 से 18 जून तक चीका और कलायत में लगेंगे जन कल्याण शिविर, पात्र लाभार्थियों का होगा पंजीकरण
कलायत। एसडीएम अजय हुड्डा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 16 जून से 18 जून तक बीडीपीओ कार्यालय चीका तथा एसडीएम कार्यालय कलायत में तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया जाएगा।
शुक्रवार को एसडीएम अजय हुड्डा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
एसडीएम ने बताया कि शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना, वीबीजी रामजी योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक लाभार्थी को योजनाओं की सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाई जाए तथा शिविरों में आने वाले पात्र व्यक्तियों का मौके पर ही पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम अजय हुड्डा ने कहा कि जन कल्याण शिविरों के सफल आयोजन के लिए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार, पात्र लाभार्थियों की पहचान, आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति तथा पंजीकरण संबंधी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के दौरान आवश्यक उपकरण, इंटरनेट सुविधा और पंजीकरण से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से मिल सके।
बैठक में सिंचाई विभाग के एसडीओ अजमेर सिंह, कृषि विभाग की एसडीओ कंचन शर्मा, डॉ. अमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









Leave a Reply