“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

अवैध शराब तस्करों पर कैथल पुलिस का शिकंजा, 11 मामलों में 10 आरोपी गिरफ्तार

अवैध शराब तस्करों पर कैथल पुलिस का शिकंजा, 11 मामलों में 10 आरोपी गिरफ्तार

विशेष अभियान के तहत 915 लीटर लाहण और 189 बोतल अवैध शराब बरामद, कई स्थानों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

कैथल। अवैध शराब तस्करों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग 11 मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 915 लीटर लाहण तथा 189 बोतल अवैध शराब बरामद की है।

विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में थाना चीका पुलिस ने टटियाना निवासी जसविंद्र को उसके मकान पर दबिश देकर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 15 बोतल देशी शराब बरामद हुई।

दूसरे मामले में चौकी महमूदपुर पुलिस ने समाना-चीका रोड से समाना (पंजाब) निवासी जगतार को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 10 बोतल हथकड़ी शराब बरामद हुई।

तीसरे मामले में थाना गुहला पुलिस ने गांव अगौंध निवासी अशोक कुमार को 15 बोतल देशी शराब सहित काबू किया। वहीं चौथे मामले में चौकी अनाज मंडी पुलिस ने रेलवे स्टेशन कैथल के पास से न्यू बैंक कॉलोनी निवासी मनोज को 14 बोतल देशी शराब सहित गिरफ्तार किया।

लाहण बरामदगी के कई मामले आए सामने

पांचवें मामले में एंटी नारकोटिक सैल ने क्योड़क स्थित एक खेत कोठे पर दबिश देकर अशोक नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक ड्रम में रखा 200 लीटर लाहण बरामद हुआ।

छठे मामले में थाना सदर पुलिस ने क्योड़क-ग्योंग रोड स्थित एक ज्वार के खेत में कार्रवाई कर रकम सिंह को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से दो ड्रमों में 160 लीटर लाहण बरामद हुआ।

सातवें मामले में थाना कलायत पुलिस ने गांव शिमला निवासी जयपाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 100 लीटर लाहण बरामद किया।

नौवें मामले में थाना पूंडरी पुलिस ने गांव फरल निवासी मान सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 100 लीटर लाहण बरामद किया।

119 बोतल शराब सहित आरोपी गिरफ्तार

आठवें मामले में थाना कलायत पुलिस ने गांव खरक पांडवा में दबिश देकर आरोपी राजू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 119 बोतल देशी शराब बरामद हुई, जो अभियान के दौरान सबसे बड़ी शराब बरामदगी रही।

दसवें मामले में थाना राजौंद पुलिस ने गांव रोहेड़ा स्थित एक दुकान पर छापेमारी कर ओमप्रकाश को 18 बोतल देशी शराब सहित गिरफ्तार किया।

355 लीटर लाहण बरामद, आरोपी फरार

ग्यारहवें मामले में थाना तितरम पुलिस ने प्योदा स्थित एक खेत कोठे पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए।

तलाशी के दौरान खेत कोठे से 355 लीटर लाहण तथा शराब भट्ठी चलाने में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किए गए। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

आरोपियों के खिलाफ दर्ज किए गए मामले

पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। बरामद शराब और लाहण को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *