अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार, 210 लीटर लाहण बरामद
कैथल: अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए जिला पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 210 लीटर लाहण बरामद किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पहले मामले में एंटी नारकोटिक सेल के एचसी अनिल कुमार की टीम ने सांयकालीन गश्त के दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर गांव भूना निवासी जयपाल उर्फ जीपा के खेत स्थित कोठे पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक ड्रम में रखा 150 लीटर लाहण बरामद हुआ।
दूसरे मामले में थाना तितरम पुलिस के एएसआई राममेहर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव ड्योढ़ खेड़ी निवासी जयसिंह के खेत स्थित कोठे पर छापेमारी की। जांच के दौरान वहां रखे प्लास्टिक ड्रम से 60 लीटर लाहण बरामद किया गया।
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग केस दर्ज कर लिए हैं। बरामद लाहण को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे गैरकानूनी कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply