कैथल, 6 नवंबर। कैथल जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत थाना कलायत पुलिस ने गांव शिमला में एक मकान पर छापेमारी कर 300 लीटर लाहन बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी दिलबाग उर्फ बागा के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना के आधार पर मकान पर की रेड
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कलायत पुलिस की टीम को गांव शिमला में अवैध लाहन रखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर एएसआई सुखदेव और एचसी राममेहर की टीम ने गांव शिमला निवासी दिलबाग उर्फ बागा के मकान पर रेड की। पुलिस द्वारा मकान की जांच करने पर दो प्लास्टिक ड्रमों में रखा कुल 300 लीटर लाहन बरामद हुआ।
थाना कलायत में मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद लाहन को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
कैथल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
