“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

कैथल पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 4 अलग-अलग मामलों में 4 आरोपी गिरफ्तार

125.08 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 1 किलो 210 ग्राम चूरापोस्त बरामद, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई

कैथल, 4 नवंबर। कैथल जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे से कुल 125.08 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 1 किलो 210 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। यह कार्रवाई एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि पहले मामले में एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार की अगुवाई में एसआई जसबीर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव माघो माजरी के श्मशान घाट के पास दबिश दी। यहां पुलिस ने गोविन्दा उर्फ काला निवासी सिरटा रोड, कैथल को काबू किया। डीएसपी बीर भान की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 100.56 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरे मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई राजीव की टीम ने गांव पाई से सिसमौर रोड पर कार्रवाई करते हुए सागर निवासी गांव पाई को गिरफ्तार किया। डीएसपी रमेश चंद्र की मौजूदगी में तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इस संबंध में थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया।

तीसरे मामले में सीआईए गुहला प्रभारी पीएसआई रवि की अगुवाई में एएसआई राकेश की टीम ने खरौदी रोड, गुहला पर कार्रवाई करते हुए बादल निवासी बलबेड़ा रोड, चीका को काबू किया। एईटीओ जतिन कुमार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 10.52 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

चौथे मामले में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एसआई बलराज सिंह की टीम ने सेक्टर-18 कैथल के कट के पास गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने अनिल कुमार उर्फ बोबी निवासी गांव प्यौदा, हाल किरायेदार सीवन को गिरफ्तार किया। एईटीओ जतिन कुमार की मौजूदगी में तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1 किलो 210 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया।

डीएसपी रमेश चंद्र ने कहा कि कैथल पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना और युवाओं को नशे से दूर रखकर समाज को नशामुक्त बनाना है।