कैथल, 1 नवंबर। कैथल जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस को एक और सफलता मिली है। CIA कलायत पुलिस ने 7.57 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामदगी के मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए राजौंद निवासी सहआरोपी सुमित को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशा तस्करी के कारोबार में आर्थिक मदद करता था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में जिला पुलिस नशा तस्करी से जुड़े आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में CIA कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में पीएसआई सौरभ की टीम ने मामले की जांच करते हुए सुमित को गिरफ्तार किया।
17 अक्टूबर को मुकेश उर्फ हन्नी से बरामद हुई थी हेरोइन
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को CIA कलायत के एएसआई नरेंद्र की टीम ने किठाना मोड़ से रोहेड़ा माजरा रोड पर दबिश देकर राजौंद निवासी मुकेश उर्फ हन्नी को काबू किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7.57 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी।
इस संबंध में थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया था। मामले की आगामी जांच पीएसआई सौरभ को सौंपी गई थी।
नशा तस्करी के लिए आर्थिक मदद करता था सुमित
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी मुकेश और सुमित मिलकर नशा तस्करी का काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, सुमित इस अवैध कारोबार में आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाता था और मामले में सहआरोपी था।
पुलिस ने आरोपी सुमित को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

