मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर ईसीआई ने दिया प्रशिक्षण, अधिकारियों को बताए दिशा-निर्देश
कैथल। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) द्वारा ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अपराजिता की उपस्थिति में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (ERO) तथा सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (AERO) ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग की टीम ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों को पुनरीक्षण प्रक्रिया, निर्धारित दिशा-निर्देशों तथा कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध और अद्यतन बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्रत्येक आवेदन और रिकॉर्ड की सावधानीपूर्वक जांच की जाए, ताकि मतदाता सूची की विश्वसनीयता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके।
BLO ऐप की कार्यप्रणाली पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ऐप की कार्यप्रणाली और उसके विभिन्न फीचर्स की भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि ऐप के माध्यम से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सकता है।
इसके अलावा निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों को उनके आधिकारिक लॉगिन के माध्यम से किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की प्रक्रिया भी समझाई गई।
निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अपराजिता ने सभी निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य किया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल हो सके और किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
इस अवसर पर निर्वाचन विभाग से जुड़े संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।







Leave a Reply