ग्राम पंचायतों में चला विशेष स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों ने लिया स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प
कैथल। प्रदेश सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित राज्यव्यापी व्यापक प्रचार अभियान के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत खेड़ी शेरू, खानपुर, चुहड़ माजरा और चौशाला में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। गांवों की गलियों, सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक भवनों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की गई।
इसके साथ ही लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में स्वच्छता, ग्रामीण विकास, पेयजल, सड़क, शिक्षा तथा अन्य जनकल्याणकारी क्षेत्रों में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी भी दी गई।
उपस्थित ग्रामीणों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए नियमित रूप से सफाई रखने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करने का संकल्प लिया।
जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश ने कहा कि ऐसे अभियानों से न केवल गांवों का वातावरण स्वच्छ बनता है, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वच्छता एवं जनजागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दिया जा सके।












Leave a Reply