खंड स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिताएं संपन्न, कैथल में वंश, भव्या और जतिन बने विजेता
कैथल: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग कैथल के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षा विभाग और खेल विभाग के सहयोग से जिले के सातों खंडों में ब्लॉक स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिताएं योग दिवस की तैयारियों के अंतर्गत आयोजित की गईं।
योग दिवस के नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश राविश के मार्गदर्शन तथा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया के निर्देशन में आयुष विभाग के योग विशेषज्ञों एवं योग सहायकों ने कैथल, कलायत, राजौंद, पूंडरी, ढांड, सीवन और गुहला खंडों में प्रतियोगिताओं का संचालन किया।
डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि जिलेभर में आयोजित प्रतियोगिताओं में कुल 326 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कैथल खंड में 57, कलायत में 47, राजौंद में 21, पूंडरी में 45, ढांड में 37, सीवन में 51 तथा गुहला खंड में सर्वाधिक 68 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कलायत स्थित एम.डी.एन. स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विजय कांसल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास भी बढ़ाता है।
डॉ. शकुंतला दहिया ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योगासन खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करती हैं और उन्हें अनुशासन, आत्मसंयम तथा स्वस्थ जीवन के प्रति प्रेरित करती हैं। उन्होंने नियमित योग अभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कैथल खंड में वंश, भव्या और जतिन अपने-अपने आयु वर्ग में विजेता रहे। विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर डॉ. मिनी राठी, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. किरण दीप, डॉ. प्रेमचंद, डॉ. ममता मेहला, डॉ. प्रदीप शर्मा, डॉ. विक्रमजीत और डॉ. सुमित खरबंदा सहित आयुष विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





Leave a Reply