“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

युवक पर जानलेवा हमला मामले में सीआईए-1 की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

युवक पर जानलेवा हमला मामले में सीआईए-1 की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

कैथल। जिला पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए-1 पुलिस ने युवक पर हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव सेरधा निवासी एवं वर्तमान में ऋषि नगर, कैथल निवासी तरसेम ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार वह 5 मई की सुबह करीब 8 बजे किसी कार्य से कोर्ट जा रहा था। जब वह कोर्ट रोड स्थित एक चौक के पास पहुंचा तो एक कार ने उसकी मोटरसाइकिल के आगे कट मारकर रास्ता रोक लिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार कार में सवार 6-7 व्यक्तियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने हथियार दिखाकर उसे धमकाया, जबकि अन्य आरोपियों ने गंडासी और डंडों से उस पर हमला कर दिया।

हमले में तरसेम के सिर और टांगों पर गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई और बाद में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एएसआई जसबीर सिंह की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भारत उर्फ मोंटी निवासी सिसमौर तथा अंकुश निवासी टीक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हमले की वारदात में शामिल थे।

प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने यह हमला एक अन्य आरोपी सुरेश के कहने पर किया था। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई जारी है तथा अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *