“सच की आवाज़, हर दिन आपके साथ”

Advertisement

वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा सफलता की कुंजी : डीसी अपराजिता

वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा सफलता की कुंजी : डीसी अपराजिता

📍 राजौंद (कैथल) | 🗓️ 3 जून 2026

राजौंद: ज्ञान दीप सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजौंद में बुधवार को 20 दिवसीय विज्ञान एवं गणित समर स्कूल ‘प्रेरणा-2026’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में डीसी अपराजिता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए दीप प्रज्वलित कर समर स्कूल का उद्घाटन किया।

3 जून से 23 जून तक आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में राजौंद खंड के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लगभग 470 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन सोसायटी फॉर प्रमोशन ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इन इंडिया द्वारा हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग की स्वीकृति एवं हरियाणा राज्य विज्ञान, नवाचार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (एचएससीएसटी) के सहयोग से किया जा रहा है।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीसी अपराजिता ने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान और तकनीक का युग है। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच और जिज्ञासा का विकास होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा ही सफलता की असली कुंजी है तथा प्रश्न पूछने की आदत आत्मविश्वास को बढ़ाती है।

उन्होंने कहा कि विज्ञान और गणित को अक्सर कठिन विषय माना जाता है, जबकि प्रयोगात्मक शिक्षा और सही मार्गदर्शन के माध्यम से इन्हें सरल और रोचक बनाया जा सकता है। शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नई चीजों को जानने और समझने की उत्सुकता भी विकसित करनी चाहिए।

आयोजकों ने बताया कि समर स्कूल के दौरान भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित विषयों के विशेषज्ञ विभिन्न मॉडल, प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जटिल अवधारणाएं सरल तरीके से समझाएंगे। इससे विद्यार्थियों की बुनियादी समझ मजबूत होगी और विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ेगी।

इस अवसर पर सोसायटी फॉर प्रमोशन ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इन इंडिया की सचिव किया धर्मवीर, उप जिला शिक्षा अधिकारी जय भगवान, खंड शिक्षा अधिकारी संदीप नैन, सुरेंद्र हुड्डा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुशील कुमार शर्मा, एआईपीआरओ अमित कौशिक, ब्लॉक नोडल अशोक कुमार, ज्ञान दीप स्कूल के डायरेक्टर कुलबीर दीक्षित, प्रधानाचार्य सतपाल सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *