कैथल, 5 सितंबर। आर.के.एस.डी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शिक्षक दिवस पर शिक्षक-अभिनंदन समारोह का आयोजन राम कृष्ण हॉल में किया गया। समारोह में आर.वी.एस. एवं प्रबंधक समिति के प्रधान श्री अश्वनी शोरेवाला मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों से जुड़े कुल 40 शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
उपायुक्त अपराजिता ने भेजा शुभकामना संदेश
कैथल की उपायुक्त एवं आईएएस अधिकारी श्रीमती अपराजिता को समारोह में मुख्यातिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, लेकिन व्यस्तताओं के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर बधाई एवं शुभकामना संदेश भेजा, जिसे समारोह के दौरान उपस्थित लोगों के साथ साझा किया गया।
अपने संदेश में उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि शिक्षक दिवस उनके हृदय के बेहद करीब है। शिक्षा को समाज और क्षेत्र के विकास की आधारशिला बताते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा के केंद्र में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। एक अच्छा शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा नहीं करता, बल्कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा पैदा करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उनके व्यक्तित्व एवं भविष्य को आकार देने का कार्य करता है।
उन्होंने आर.के.एस.डी. ग्रुप द्वारा वर्ष 1954 से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों तथा शिक्षकों को निरंतर सम्मानित करने की परंपरा की सराहना की। उन्होंने आर.वी.एस. एवं प्रबंधक समिति के प्रधान श्री अश्वनी कुमार शोरेवाला और प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल को संस्था एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयासों के लिए बधाई दी।
25 वर्ष की सेवा और पीएचडी प्राप्त करने वाले शिक्षक भी सम्मानित
समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं, लंबे सेवाकाल और संस्थान के प्रति समर्पण के लिए 34 शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वहीं, हाल ही में पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले 6 प्राध्यापकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
उपायुक्त ने 25 वर्ष या उससे अधिक समय तक संस्थान में समर्पित सेवाएं देने वाले कर्मचारियों तथा डॉक्टोरल शोध पूरा करने वाले प्राध्यापकों को विशेष बधाई दी।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि श्री अश्वनी शोरेवाला एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में आर.वी.एस. एवं प्रबंधक समिति के पदाधिकारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, प्राध्यापक, शिक्षक, कर्मचारी तथा शहर के अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
श्री अश्वनी शोरेवाला ने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक किसी भी शिक्षण संस्था की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति होते हैं। आर.के.एस.डी. ग्रुप का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, कौशल और बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि बेहतर पठन-पाठन और उत्कृष्ट अध्यापन के लिए शिक्षकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने संस्थान में कैशलेस ट्रांजेक्शन की शुरुआत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
बदलते शैक्षणिक परिवेश में शिक्षकों की जिम्मेदारी बढ़ी: डॉ. गगन मित्तल
आर.के.एस.डी. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल विषय का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार, सोच और भविष्य के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में शिक्षकों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नई तकनीकों, कौशल विकास, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि आर.के.एस.डी. कॉलेज अपने समर्पित और कर्मठ शिक्षक वर्ग की बदौलत लगातार प्रगति कर रहा है। संस्था का प्रयास है कि शिक्षकों को सकारात्मक और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं का पूर्ण उपयोग कर सकें।
इन शिक्षकों एवं कर्मचारियों को मिला सम्मान
आर.के.एस.डी. कॉलेज (प्रातःकालीन सत्र) से डॉ. पूजा गुप्ता, डॉ. सूरज वालिया, डॉ. राकेश मित्तल, डॉ. नरेश गर्ग, डॉ. राजेश सिंह, सुश्री अंजलि, डॉ. रघबीर सिंह, डॉ. रिचा लांग्यान, डॉ. एस.पी. वर्मा, सुश्री नेहा गुप्ता एवं श्री मोहित गौर को सम्मानित किया गया।
आर.के.एस.डी. कॉलेज (सायंकालीन सत्र) से डॉ. कुसुम लता एवं डॉ. राजीव शर्मा को सम्मान मिला।
आर.के.एस.डी. पब्लिक स्कूल से सुश्री रेनू वर्मा, सुश्री मंजू बाला, सुश्री मिनिका गुलाटी, सुश्री शेली गुप्ता, सुश्री सुति जोशी, सुश्री चारु गर्ग, श्रीमती मालू मनचंदा, श्रीमती स्वीटी एवं श्रीमती शोभा रानी को सम्मानित किया गया।
आर.के.एस.डी. कॉलेज ऑफ एजुकेशन से सुश्री गगन, डॉ. रवि प्रकाश, श्री शिवकांत, श्री रोहित एवं श्री चहात सिंगला को सम्मान मिला।
गैर-शिक्षक कर्मचारियों में श्री अनिल कुमार, श्री मनु निर्वाणी, श्री विक्रम, श्री रोंताश सहित अन्य कर्मचारियों को दीर्घ सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया। आर.के.एस.डी. पब्लिक स्कूल के श्री संजीव कात्याल तथा आर.के.एस.डी. कॉलेज ऑफ फार्मेसी के श्री दिनेश भूषण को 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर सम्मानित किया गया।
पीएचडी प्राप्त करने वाले प्राध्यापक भी सम्मानित
पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने पर आर.के.एस.डी. कॉलेज (प्रातःकालीन सत्र) से डॉ. प्रीति बंसल एवं डॉ. रेनू गिल, आर.के.एस.डी. कॉलेज (सायंकालीन सत्र) से डॉ. इला गुप्ता, डॉ. रंजू निर्वाणी एवं डॉ. रेखा शर्मा तथा आर.के.एस.डी. कॉलेज ऑफ फार्मेसी से डॉ. साहिल को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समारोह का समापन
समारोह में श्री अश्वनी शोरेवाला, श्री साकेत मंगल, श्री श्याम बंसल, श्री महेश मंगल, श्री पंकज बंसल, श्री सुनील चौधरी, श्री नवनीत गोयल, श्री जगदीश गोयल, श्री नरेश शोरेवाला, श्री राकेश सैनी और श्री विपुल सिंघल सहित प्रबंध समिति से जुड़े अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों में डॉ. गगन मित्तल, डॉ. हरिन्द्र गुप्ता, डॉ. रश्मि मनचंदा, डॉ. दीपक सैनी एवं श्रीमती निवेदिता भट्ट सहित अन्य प्राचार्य और शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. विकास भारद्वाज एवं डॉ. रितु वालिया ने किया। अंत में सभी अतिथियों, सम्मानित शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ शिक्षक-अभिनंदन समारोह का समापन हुआ।


Leave a Reply