स्वामी ब्रह्मानंद की शिक्षाएं मानव कल्याण का मार्ग दिखाती हैं : हरविंद्र कल्याण
कैथल, 25 मई: हरियाणा विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि जगतगुरु स्वामी ब्रह्मानंद जी महाराज की शिक्षाएं सेवा, समरसता और मानव कल्याण का मार्ग दिखाती हैं। ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति के मूल्यों को मजबूत बनाते हैं।
हरियाणा विधानसभा स्पीकर सोमवार को गांव मुंदड़ी स्थित गुरु ब्रह्मानंद आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम में पहुंचने पर समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने गुरु ब्रह्मानंद जी की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की तथा हवन यज्ञ में आहुति भी डाली। उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुरुजी के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही समाज को सही दिशा मिलती है।
उन्होंने कहा कि हमें गुरुजी के दिखाए मार्ग पर चलकर अपने परिवारों और बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने चाहिए। इससे भविष्य सुरक्षित और समृद्ध बनेगा तथा आने वाली पीढ़ियां समाज को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि गुरु ब्रह्मानंद जी के विचार समाज सुधार, शिक्षा, बेटियों की शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर आधारित थे। यदि हम उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं तो हमारा जीवन सफल हो सकता है।
उन्होंने कहा कि धर्म और समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए तथा संतों के मार्गदर्शन में सच्चाई और सद्भाव के रास्ते पर चलना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
इस अवसर पर महंत कृष्णानंद जी, संत रत्तना देवी, संत मां दर्शना देवी, पूर्व विधायक तेजवीर सिंह, सरपंच शशि, सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र सिंह, शिव कुमार, कृष्ण, शमशेर, ईश्वर, सतबीर, रामफल, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, एसईपीओ अनुराग सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।











Leave a Reply