कैथल। श्री खाटू श्याम एवं सालासर सेवा समिति कैथल की विशेष बैठक जिंदल मार्केट स्थित कार्यालय की दुकान नंबर 43 में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रधान मनोज सिंगला ने की। इस दौरान धार्मिक आयोजनों, निःशुल्क बस यात्राओं, संकीर्तन और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रधान मनोज सिंगला ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद महासचिव राजीव चौधरी ने बैठक की कार्यवाही शुरू की। समिति के कोषाध्यक्ष चिराग बंसल ने पिछले महीने का रु लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। प्रकाश बंसल ने नवरात्रों के अवसर पर पांच निःशुल्क बस यात्राएं सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए सभी सदस्यों को बधाई दी।
पापांकुशा एकादशी पर सिसला धाम के लिए निकलेगी 114वीं निःशुल्क यात्रा
बैठक में निर्णय लिया गया कि पापांकुशा एकादशी के अवसर पर सिसला धाम के लिए समिति की ओर से 114वीं निःशुल्क बस यात्रा भेजी जाएगी। यह यात्रा कैथल से सुबह 5:30 बजे कॉल कॉम्प्लेक्स पेट्रोल पंप से रवाना होगी। यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए सिसला धाम में प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।
समिति का उद्देश्य श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के साथ-साथ सेवा और भक्ति की भावना को बढ़ावा देना है।
हर रविवार होगा निःशुल्क संकीर्तन, महीने में दो मेडिकल कैंप
बैठक में जुगल किशोर ने जानकारी दी कि समिति की ओर से प्रत्येक रविवार को निःशुल्क संकीर्तन आयोजित किया जाएगा। वहीं, भीम सेन वधवा ने बताया कि जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हर महीने दो निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे।
इसी कड़ी में 25 अक्टूबर, रविवार को कान्हा सखा मंडल के सहयोग से निःशुल्क संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने धार्मिक कार्यक्रमों और समाजसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए अपने विचार भी साझा किए।
बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर चिराग बंसल, मनोज सिंगला, प्रकाश बंसल, भीम सेन वधवा, राजीव चौधरी, वीरभान केमिस्ट, विकास गर्ग एडवोकेट, अंजू बंसल सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

