सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 20 जून तक चलेगा विशेष प्रचार अभियान : एडीसी
कैथल। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि सरकार के 12 वर्षों के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए 20 जून तक जिला भर में विशेष प्रचार एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान जन कल्याण शिविर, जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र भ्रमण, प्रदर्शनी, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, रोजगार मेले तथा अन्य जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि नागरिकों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ प्राप्त हो।
एडीसी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग की प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा लाभार्थियों से संबंधित आंकड़े शीघ्र उपलब्ध करवाएं, ताकि उन्हें विभिन्न माध्यमों से आमजन तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि 15, 16 और 17 जून को तीनों उपमंडलों तथा पूंडरी तहसील एवं खंड स्तर पर जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे तथा पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी और वीबीजी रामजी योजना सहित अन्य योजनाओं में पंजीकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सांसद अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों तथा विधायक अपने मंडलों में एक दिन व्यतीत करेंगे। इस दौरान पौधारोपण और स्वच्छता अभियान में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
अभियान के तहत शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जबकि उच्च शिक्षा विभाग विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित करेगा। कृषि विभाग, बागवानी विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा प्राकृतिक खेती विषय पर संयुक्त व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। पशुपालन विभाग पशु मेले का आयोजन कर पशुपालन, टीकाकरण और विभागीय योजनाओं की जानकारी देगा।
इसके अतिरिक्त ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे।
एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि यह अभियान सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा तथा आमजन को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करेगा।
बैठक में जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार, कैथल एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीडीपीओ रितु लाठर, डीआरओ चंद्र मोहन, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










Leave a Reply