आर.के.एस.डी. कॉलेज का प्रवेश पंजीकरण सहायता केंद्र रविवार को भी रहेगा खुला
कैथल: आर.के.एस.डी. कॉलेज, कैथल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 मई 2026 है।
विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉलेज प्रशासन ने निर्णय लिया है कि कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल (गर्ल्स कॉमन रूम के ऊपर) में स्थापित प्रवेश पंजीकरण सहायता केंद्र (Registration Desk) रविवार, 31 मई को भी खुला रहेगा।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने बताया कि बड़ी संख्या में विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया का लाभ उठा रहे हैं। अंतिम तिथि को देखते हुए ऐसे विद्यार्थियों की सहायता के लिए, जिन्होंने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है या आवेदन प्रक्रिया में किसी तकनीकी समस्या का सामना कर रहे हैं, यह विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र विद्यार्थी केवल तकनीकी कारणों से प्रवेश प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। कॉलेज के आधुनिक कंप्यूटर सेल में प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण, विषय चयन, दस्तावेज अपलोड, आवेदन सत्यापन तथा अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में निःशुल्क सहायता प्रदान की जा रही है।
कॉलेज के प्रधान श्री अश्वनी शोरेवाला ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का लाभ उठाते हुए समय रहते अपना ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कॉलेज प्रशासन ने सभी इच्छुक विद्यार्थियों से अनुरोध किया है कि यदि उनका पंजीकरण अभी तक पूरा नहीं हुआ है तो वे रविवार को सहायता केंद्र पर पहुंचकर विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त करें और निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन पूरा कर लें।










Leave a Reply